सोलन : नौणी विश्वविद्यालय में मनाया गया 75वां स्वतंत्रता दिवस
डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में 75वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परविंदर कौशल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया गया। इस वर्ष सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए इस कार्यक्रम में सीमित संख्या में ही लोग शामिल हुए। विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी ऑफिसर, विश्वविद्यालय की सभी विभागों और कर्मचारी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित नौणी पंचायत के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर अपने संदेश में कुलपति डॉ परविंदर कौशल ने छात्रों और संकाय को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी। उन्होनें देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जिनके संघर्ष और निस्वार्थ बलिदान से देश को आज़ादी मिली। डॉ कौशल ने अपने संदेश में विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कर्तव्यदायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की।
