सोलन: पुलिस थाना धर्मपुर की कार्रवाई, उद्घोषित अपराधी राजस्थान से गिरफ्तार
सोलन पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने माननीय न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए एक आरोपी को अंतर्राज्यीय स्तर पर की गई सुनियोजित एवं प्रभावी कार्रवाई के उपरांत गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस थाना धर्मपुर में तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा यह कार्रवाई अमल में लाई गई। माननीय उप-मंडल पुलिस अधिकारी परवाणु के निर्देशन में गठित पुलिस टीम उद्घोषित अपराधी की तलाश हेतु विभिन्न संभावित स्थानों पर रवाना थी। तलाश के दौरान आरोपी दिला राम पुत्र लच्छी राम निवासी गांव मैणू, डा० पारनू, तहसील अर्की, जिला सोलन (हि.प्र.) को दिनांक 07.02.2026 को राजस्थान राज्य के जिला दौसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपी को माननीय न्यायालय ACJM कसौली द्वारा दिनांक 01.12.2025 को पुनः उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। आरोपी न्यायालय में विचारण के दौरान लगातार निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से लंबे समय से रुहपोश चल रहा था, जिससे उसने न्यायालय द्वारा निर्धारित जमानत मुचलकों की शर्तों का उल्लंघन किया।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के मामलों में वांछित है। आरोपी के विरुद्ध धर्मपुर थाना में FIR No. 40/26 दिनांक 08.02.2026 धारा 209 व 269 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस थाना धर्मपुर द्वारा नियमानुसार की जा रही है।
