सोलन: धर्मपुर से चोरी हुआ ₹42 लाख का टिप्पर 24 घंटे में बरामद, पुलिस जांच जारी
कसौली चौक, धर्मपुर के समीप खड़ा किया गया एक टिप्पर चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर वाहन बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन मालिक ने 21 फरवरी को अपना टिप्पर नंबर HP-64C-9622 कसौली चौक के पास खड़ा किया था। 22 फरवरी को जब उसका कंडक्टर उक्त स्थान पर पहुंचा तो टिप्पर वहां नहीं मिला। इसके बाद वाहन मालिक ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बताया गया है कि उक्त टिप्पर को दो महीने पहले ही खरीदा गया था। अज्ञात व्यक्ति द्वारा 21/22 फरवरी की रात को वाहन चोरी कर लिया गया। चोरी हुए टिप्पर की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई गई है।
इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों और विभिन्न टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 22-02-2026 को चोरी हुआ टिप्पर हरियाणा राज्य के जिला नूंह क्षेत्र से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं तथा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
