सोलन: देवठी स्कूल के दो छात्रों को मिलेगी 12000 रुपए की छात्रवृत्ति
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी के दो छात्रों ने एन.एम.एम.एस. (NMMS) छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा दिशिता ठाकुर और लक्ष्य वर्मा ने इस छात्रवृत्ति परीक्षा को उत्तीर्ण कर विद्यालय सहित जिला का नाम रोशन किया है। छात्रा दिशिता ने इस परीक्षा में प्रदेश स्तर पर नौवां स्थान प्राप्त किया है। इस छात्रवृत्ति परीक्षा के अंतर्गत दोनों छात्रों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जो उन्हें कक्षा 9वीं से लेकर 12 कक्षा तक मिलती रहेगी।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल चंद शर्मा ने इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय पिछले तीन वर्षों से लगातार इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन के कारण ही विद्यार्थी इस परीक्षा में सफलता हासिल कर रहे हैं। प्रधानाचार्य ने विशेष रूप से टी.जी.टी. (नॉन-मेडिकल) नलेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन और प्रयासों की सराहना की, जिनकी मेहनत से विद्यार्थियों को इस परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायता मिली। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करने और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
