सोलन: धर्मपुर में 2.22 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, मामला दर्ज
जिला सोलन के तहत पुलिस थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को 2.22 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 44/2026 दिनांक 15.02.2026 को धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को पुलिस चौकी सुबाथू की टीम नियमित गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब टीम नया नगर स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के समीप पहुंची तो एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने युवक को मौके पर रोका और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 2.22 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान वेद प्रकाश (30 वर्ष) निवासी गांव गंभरपुल, डाकघर हरिपुर, तहसील एवं जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना धर्मपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है।
