विस अध्यक्ष कुलदीप ने उदयपुर में 9वें राष्ट्र मंडल संसदीय संघ के सम्मेलन को किया संबोधित
झीलों की नगरी तथा मेवाड़ की पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थली उदयपुर, राजस्थान में आयोजित 9वें राष्ट्र मंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से सुशासन को प्रोत्साहित करने में जन प्रतिनिधियों की प्रभावशालिता तथा दक्षता बढ़ाने के लिए हमें तीन प्रमुख क्षेत्रों क्रमश: शिक्षा व प्रशिक्षण, नागरिक जुड़ाव और नीति कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि पठानिया डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से सुशासन को प्रोत्साहित करने में जन प्रतिनिधियों को और अधिक प्रभावी/कुशल कैसे बनाया जाए विषय पर उदयपुर में अपना संबोधन दे रहे थे।
सम्मेलन को राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राष्ट्र मंडल संघ के अध्यक्ष ईयान लिडल ग्रेगंर तथा लोक सभा के माननीय अध्यक्ष ओम बिरला ने भी संबोधित किया।
पठानिया ने कहा कि प्रचार, प्रसार, संचार तथा तकनीक के नए युग में डिजिटल साक्षरता अभियान, उन्नत संचार, घटक सहभागिता, पारदर्शिता और जवाबदेही डेटा संचालित निर्णय, दूरस्थ पहुंच, ई -गवर्नेंस पहल, डिजिटल निगरानी एवं मुल्यांकन, साईबर सुरक्षा और गोपनीय जागरूकता तथा सहयोग और नेटवर्किंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनाना होगा तभी हम सही में अपनी जनता को सुशासन भी दे सकेंगे और विशुद्व रूप से जनमत के हकदार भी होंगे।
