एशियाड गोल्ड के बाद हिमाचली बेटियों से जुड़े अनुराग ठाकुर, वीडियो कॉल पर दी जीत की बधाई
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के शानदार प्रदर्शन और स्वर्ण पदक जीतने के बाद सांसद अनुराग ठाकुर ने टीम से वीडियो कॉल पर बातचीत की। उन्होंने टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी और देश का नाम रोशन करने पर उनका आभार जताया।
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही और उसने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।
अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से हिमाचल की चार खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और अपने प्रदर्शन से हर हिमाचली का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
इस बार भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिमाचल की कप्तान पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, भावना और पूर्व कप्तान रितु नेगी शामिल रहीं। इनमें पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना धर्मशाला स्थित साई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़ी हैं, जबकि रितु नेगी भारतीय रेलवे की ओर से खेलती हैं।
अनुराग ठाकुर ने महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की बेटियों ने अपने प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ाया है।
