हिमाचल की बेटी कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को अर्जुन पुरस्कार
-मोहम्मद शमी सहित कुल 26 खिलाड़ियों को चुना अर्जुन पुरस्कार के लिए
-बैडमिंटन स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग को खेल रत्न
हिमाचल के सिरमौर जिला के गिरीपार क्षेत्र की कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। रितु नेगी वर्तमान में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान है। खेल मंत्रालय ने आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2023 की घोषणा की। मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवॉर्ड सेरेमनी 9 जनवरी, 2024 को 11 बजे राष्ट्रपति भवन में होगी, जहां सभी खिलाड़ियों को अवॉर्ड दिया जाएगा। रितु नेगी के अलावा भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। कुल 26 खिलाड़ी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए हैं।
रितु नेगी हिमाचल के जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शरोग गांव की रहने वाली है। उनका विवाह हरियाणा में हुआ है। नेगी भारतीय कबड्डी टीम में डिफेंडर के तौर पर खेलती हैं। वह पिछले करीब एक दशक से भी अधिक समय से भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा हैं। वर्तमान में रितु नेगी इंडियन रेलवे में सेवारत है।
भारतीय बैडमिंटन स्टार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को खेल रत्न के लिए चुना गया है। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न भारत का सर्वोच्च खेल सम्मान है जो भारत के यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री द्वारा हार साल दिया जाता है। वहीं तेज गेंदबाज मोहममद शमी को अर्जुन अवॉर्ड मिलेगा।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम की सिफारिश वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन के आधार पर की गई है। उन्होंने 7 मैचों में सबसे ज्यादा 24 विकेट लिए थे। वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद जब पीएम मोदी टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे थे, तो उन्होंने भी शमी को गले लगाकर उनके प्रदर्शन की तारीफ की थी।
पुरस्कार मिलने की खुशी में पिता ने गांव में बांटी मिठाई
अर्जुन पुरस्कार के लिए रितु के चयन के बाद शिलाई क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिलाई में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। इस दौरान पिता भवान सिंह ने बेटी को खेल पुरस्कार मिलने खुशी में गांव में मिठाई भी बांटीं। भवान सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें बेहद खुशी है कि सिरमौर की बेटी ने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन कर देश मेंं पहचान बनाई है। रितु को बचपन से ही खेलने का शौक रहा और आज उन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना जाना बड़ी उपलब्धि है।