डुमैहर स्कूल ने जीता जिला स्तरीय बास्केटबाल खिताब,सुबाथू की टीम को 34-04 से हराकर कब्जाया स्वर्ण पदक, छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अ) के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय स्कूली अंडर 14 बास्केटबाल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में डुमैहर की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुबाथू की टीम को 34-04 के बड़े अंतर से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में डुमैहर (अ) के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे मुकाबले में टीम का दबदबा कायम रहा और फाइनल में भी खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल के साथ एकतरफा जीत दर्ज की। विद्यालय के डीपीई राज कुमार पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के नौ खिलाड़ियों ने बास्केटबाल में हिस्सा लिया। इनमें से प्रिंस ठाकुर, पारस ठाकुर, यतीश कुमार, जिगर पाल, समीर कुमार और हरीश कुमार का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी 11 से 13 अक्तूबर तक मंडी में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। विद्यालय स्टाफ विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान हेमराज व सदस्यों तथा ग्रामवासियों ने भी विजेता खिलाड़ियों डीपीई राज कुमार पाल और पीईटी नागेश शर्मा को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
