शिमला : आईजीएमसी से इंटर्न कर रहे डॉक्टरों की मांगों को माने प्रदेश सरकार-नेगी निगम भंडारी
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने प्रेस को जारी बयान मैं कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में इंटर्न डॉक्टरों के साथ प्रदेश की जयराम सरकार जो अनदेखी कर रही है, उस पर ध्यान दें। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि 2016 बैच के इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आईजीएमसी परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगे नहीं मान रही है। आखिर डॉक्टर प्रदेश के भविष्य है और प्रदेश के ज्यादातर अस्पताल इस समय डॉक्टरों के बिना चल रहे हैं और मात्र सफेद हाथी बन कर रह गए हैं। लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने में प्रदेश में भाजपा सरकार पूरी तरह से नाकाम हो चुकी है।
उन्होंने ने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों का 6 मई को टर्न पूरा हो चुका है, लेकिन प्रदेश सरकार इनके भविष्य को अधर में लटका कर बाहरी संस्थानों से प्रशिक्षण लेकर आ रहे प्रशिक्षु डॉक्टरों को तरजीह देना चाहती है, जिसे हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के प्रशिक्षु डॉक्टरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और अगर जरूरत पड़ी, तो प्रशिक्षु डॉक्टरों की आवाज बनकर सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी।
नेगी ने बताया कि 2016 बैच के लगभग 300 डॉक्टर, जिनका 6 मई को टर्न पूरा हो गया है। सरकार ने उन्हें रोजगार देने का दावा किया था, लेकिन अभी तक कोई भी प्रावधान नहीं किया गया। प्रदेश में सभी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की पोस्ट खाली पड़ी है, लेकिन जिन्हें सरकार नहीं भर रही है। उन्होंने कहा कि इंटरन डॉक्टर पिछले 6 महीने से सरकार के संपर्क में रहे हैं और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व स्वास्थ्य सचिव से मिल चुके हैं, लेकिन उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनका कार्य पूरा होने पर उन्हें रोजगार दिया जाएगा। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि यह सरकार मात्र आश्वासन और जुमलों की सरकार बन कर रह गई है।
