बददी-बरोटीवाला में वर्षा जल रोकने वालों पर लोक निर्माण विभाग की कडी कार्यवाही
*जेसीबी से अलग नाली निकालकर की अस्थाई व्यवस्था
*राहगीरों व वाहन चालकों को आ रही थी भारी दिक्कतें
दलदल व नदी का रुप धारण कर चुके बददी-बरोटीवाला रोड की दुर्दशा को सुधारने में लोक निर्माण विभाग को आगे आना पड़ा। विभाग ने जहां जेसीबी लगाकर अवैध कब्जों को हटा दिया और एक नाली बनाकर अभी अस्थाई तौर पर पानी के जलभराव को निकालने का प्रबंध किया है। गौरतलब है कि बददी-बरोटीवाला रोड पर गलैक्सी उद्योग प्रीत आरा रोड के पास सडक-सडक न होकर तालाब बन चुका है और इसने धीरे धीरे नदी का रुप धारण कर लिया था। शनिवार को यह मामला मीडीया में काफी सुर्खियों में उछला जिससे जिला प्रशासन व बीबीएन प्रशासन की बहुत किरकिरी हुई। उसके बाद शनिवार सुबह होते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होने देखा कि बरसात में यह सडक तालाब क्यों बनती है। इस पर पाया गया कि सडक की दूसरी ओर बने कामर्शियल व औद्योगिक संस्थानों ने अपने अपने परिसर सडक से ऊंची उठा ली थी और पानी एक स्थान पर जमा हो गया था। एसडीओ लोक निर्माण विभाग मुनीष ठाकुर ने बताया कि आज हमने सुबह ही जेसीबी लगाकर अवैध तौर पर लगाई गई मिटटी व टाईल को हटा दिया गया है। शीघ्र ही नाली बनाकर इसको पास लगते चैंबर में डाल दिया जाएगा। उन्होने कहा कि कुछ समय बाद पक्की निशानदेही लेकर बरसात के बाद काम पक्का कर दिया जाएगा।
