डीएवी अंबुजा के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में नए कीर्तिमान किए स्थापित
खंड स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में नए कीर्तिमान स्थापित किए। चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का आयोजन राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद शिमला तथा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग सोलन द्वारा ऑनलाइन माध्यम से करवाया गया। इसमें सीनियर साइंस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कशिश और यक्ष ने प्रथम स्थान, सीनियर सेकेंडरी साइंस एक्टिविटी में खुशबू गुप्ता, सीनियर साइंस एक्टिविटी में दीक्षित चंदेल, सीनियर सेकेंडरी मैथ्स ओलंपियाड में गौरव, सीनियर मैथ्स ओलंपियाड में अंजली तथा जूनियर मैथ्स ओलंपियाड में जयंत का जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ। अन्य गतिविधियों में सीनियर साइंस प्रोजेक्ट रिपोर्ट सर्वे में जाह्नवी का चयन जिला स्तर के लिए हुआ। स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन मनोज जिंदल तथा प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर ने बच्चों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होने पर बधाई दी।
प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भी शेड्यूल उप निदेशक शिक्षा विभाग सोलन की तरफ से प्राप्त हुआ है, जिसमें हम अपने विद्यार्थियों द्वारा बेहतर प्रदर्शन की कामना करते है। मुकेश ठाकुर ने कहा कि इस प्रतियोगिता में विद्यालय के अनुभवी अध्यापकों की मेहनत व बच्चों का सराहनीय सहयोग रहा।
