दाड़लाघाट : उपतहसील स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में उपतहसील स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह संयुक्त रूप से मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता नायब तहसीलदार बीआर राजटा ने की जबकि एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने सर्वप्रथम राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उसके उपरांत विद्यालय की एनएसएस,एनसीसी के कैडेट्स द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की बेहतरीन प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गई, जिसमें पीयूष का गीत मेरा रंग दे बसंती चोला तथा अंजलि द्वारा गाया गया वैष्णव जन जो तेने कहिए भजन बहुत सराहा गया। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता हंसराज ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गौतम ने संविधान के रचयिता बाबा साहब अंबेडकर को याद किया और आजादी के दीवानों को नमन किया।
नायब तहसीलदार बीआर राजटा ने कहा कि इस दिवस को मनाने का तभी लाभ है यदि हम अपने देश के प्रति हर समय सजग और समर्पित रहे। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान हेमराज ठाकुर ने संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों का वर्णन करते हुए देश के प्रति कर्तव्यों का भी जिक्र किया और छात्रों को नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित किया। इस मौके पर बीडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्य ललित गौतम, मस्तराम, उमेश, नेमचंद, महेश्वर, पवन, हेमचंद्र, मनीराम सहित विद्यालय स्टाफ व बच्चे उपस्थित रहे।
