सुबाथू : स्त्री सत्संग सभा ने मनाया धूमधाम से छठ पर्व

भगवान कृष्ण की जन्माष्टमी का पर्व 15 अगस्त को पूरे प्रदेश में विधि-विधान से मनाया गया। भगवान कृष्ण के जन्म के छठे दिन उनकी छठी मनाई जाने की भी परंपरा है। इसी कड़ी में मंदिर में महिलाओं ने छठ का पर्व भगवान श्री कृष्ण के भजन गायन कर बड़ी धूमधाम से मनाया । मंदिर को रंग बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया।
बच्चों ने कृष्ण व राधा बनकर कृष्ण भजनों पर नृत्य कर आये हुए सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। स्त्री सत्संग सभा सुबाथू की प्रधान ईशा गुप्ता ने बताया की भगवान कृष्ण की छठी का पूजन करने से जन्माष्टमी की पूजा पूरी होने के साथ सभी मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं। इस पर्व पर स्त्री सत्संग सभा से सरिता, सरीना, इंदु शर्मा, प्रिया कंवर, श्रुति, आशा, नीरू, मधु गुप्ता, संगीता शर्मा, अरिता शर्मा, अमिता शर्मा, अनीता शर्मा सहित सभा के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।