कांगड़ा : जीएवी पब्लिक स्कूल की छात्रा सुजैन ने चित्रकला प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान
तिलक राज । कांगड़ा
जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा की छात्रा सुजैन को प्रथम स्थान हासिल करने पर स्कूल में सम्मानित किया गया। केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा पर चर्चा विषय पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता में 19 स्कूलों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इस प्रतियाेगिता में सुजैन ने प्रथम स्थान हासिल कर जीएवी का गौरव बढ़ाया है। प्रधानाचार्य सुनील कांत चड्ढा ने बताया कि इतने बड़े मंच पर प्रथम स्थान हासिल कर सुजैन ने जीएवी की प्रतिभा को चार चांद लगाए हैं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि पेंटिंग के क्षेत्र में जिला कांगड़ा के जाने-माने सदस्य जिस निर्णायक मंडल में हों और कई स्कूलों के छात्र स्पॉट पेंटिंग में भाग ले रहे हो, जिसमें जीएवी की छात्रा का प्रथम स्थान में आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। सुजैन को स्कूल में सभी शिक्षकों ने बधाई दी व गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य सुजाता शर्मा, ड्राइंग की शिक्षक मीनाक्षी शर्मा तथा अंजू बाला ने भी सुजैन की हौसला अफजाई की।
