झूठ की राजनीति के लिए सुजानपुर के विधायक को किया जाना चाहिए सम्मानित : भाजपा
** विधायक के इतने बुरे दिन कि अपने ही लोगों से स्वयं को करवा रहे सम्मानित
** कहा, अपनी ही सरकार नहीं सुन रही बात, विधायक को लिखने पड़ रहे पत्र
झूठ की राजनीति और झूठे वादे करने वाले को भी राज्य सरकार सम्मानित करे और सबसे पहले सुजानपुर के विधायक को यह सम्मान मिले। यह बात भाजपा मंडल अध्यक्ष बिक्रम राणा और जिला भाजपा सचिव विनोद ठाकुर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने विधायक राजेंद्र राणा पर तंज कसते हुए कहा कि यह बात किसी ने नहीं सोची थी कि विधायक के इतने बुरे दिन आ जाएंगे कि उन्हें अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं से स्वयं को सम्मानित करवाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि 2 दिन पहले सुजानपुर शहर में उनका नागरिक अभिनंदन उनकी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता द्वारा किया गया, जो बेहद हास्यास्पद बात है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस विधायक को अपना सम्मान इसी तरह करवाना पड़ेगा, क्योंकि सरकार में उनकी दाल गल नहीं रही है। प्रदेश सरकार का मुखिया तो उनकी बात को सुनता तक नहीं है, यही कारण है कि विधायक को अपनी ही सरकार में अपनी बात रखने के लिए खुले पत्र लिखने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज विधायक की स्थिति न घर का, न बाहर का वाली हो गई है। चुनावी बेला में जिस तरह से विधायक ने झूठे वादे किये, महिलाओं से 1500 रुपये देने के पर्चे भरवाये और सबसे बड़ा झूठ विधायक ने यह बोला कि सरकार बनने के बाद वह हिमाचल सरकार में या तो उप मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर कैबिनेट मंत्री, लेकिन उप मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री बनना तो दूर प्रदेश कांग्रेस और उनके विधायक उन्हें कांग्रेसी विधायक तक नहीं मानते हैं। आज सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता पछता रही है कि उन्होंने मुख्यमंत्री को छोड़ बहरूपिया चेहरे को अपना विधायक बनाया, जिसका खामियाजा पूरे सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है।