सुक्खू सरकार की एचआरटीसी की लगेज पॉलिसी जन विरोधी : जयराम
-आम आदमी पर बोझ डालने वाली लगेज पॉलिसी वापस ले सरकार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुखविंदर सिंह 'सुक्खू' के नेतृत्व में हिमाचल सरकार द्वारा एचआरटीसी के लिये लाई गई लगेज पॉलिसी पूरी तरह से आमजन विरोधी है। इस पॉलिसी को लागू करने में आमजन का बिलकुल ख़याल नहीं रखा गया। इसलिए इसे पूरी तरह से वापस लिया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि बसों से आम आदमी चलता है। वह अपने ज़रूरत का सामान भी उसी बस से ही ले जाएगा। इसलिए सामान के बदले अतिरिक्त किराया लेना किसी प्रकार से न्यायोचित नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एचआरटीसी हिमाचल प्रदेश की 'लाइफ लाइनÓ है। प्रदेश के आम लोगों के परिवहन का सबसे प्रमुख साधन है। दूर-दराज के आम लोग एचआरटीसी द्वारा ही यात्रा करते हैं। इनमें आम किसान और बागवान भी हैं। ऐसे में कोई किसान निर्धारित क्षमता के अंदर कोई सामान अपने साथ ले जा रहा है तो उससे भी अतिरिक्त किराया लेने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के फ़ैसले आमजन मानस को राहत देने वाले होने चाहिए परेशान करने वाले नहीं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का आम लोगों को सुविधाएं प्रदान करना है। हर काम आय बढ़ाने की दृष्टि से नहीं किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की आय बढ़ाने के और भी संसाधन हैं। आम लोगों के ऊपर किराए का बोझ बढ़ाकर एचआरटीसी की आय बढ़ाने का यह सरकारी फार्मूला बिलकुल ग़लत है।
