दिवित औलख के निधन पर क्योरटेक ग्रुप के एमडी सुमित सिंगला ने जताया शोक
फिल्म इंडस्ट्री से लेकर कला, उद्योग, खेल, राजनीति, शिक्षा और मीडिया जगत तक हर क्षेत्र से जुड़े लोगों को दिवित औलख के दर्दनाक हादसे ने झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद घटना के बाद देश-विदेश में रहने वाले लोगों की आंखें नम हैं और हर कोई गहरे सदमे में है।
क्योरटेक ग्रुप के एमडी सुमित सिंगला ने फिल्म मीडिया बोर्ड के चेयरमैन एवं स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के साथ अपने 22 वर्षों पुराने संबंधों को याद करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।
सुमित सिंगला ने कहा कि दिनेश औलख के साथ उनका रिश्ता करीब 22 साल पुराना है। उन्होंने कहा कि दिनेश औलख फिल्म इंडस्ट्री की एक ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने अपने उदार स्वभाव और दरियादिली से अनगिनत लोगों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। आज उनके इसी व्यक्तित्व और उनके परिवार के प्रति लोगों के प्रेम के कारण हर कोई इस दुख में बराबर का भागीदार बना हुआ है।
सुमित सिंगला ने भावुक होते हुए कहा, "जब मां का होनहार बेटा हाथों से चला जाता है, तो उसके जीवन का सब कुछ जैसे ठहर जाता है। उस दर्द को शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है।"
सुमित सिंगला ने इस हादसे के संदर्भ में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों के लिए हम सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जब आम नागरिक सरकार को पूरा टैक्स देता है, तो उसे सड़कों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिलने की भी उम्मीद होती है।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण के साथ-साथ जहां-तहां वाहनों की मनमर्जी से पार्किंग पर भी सख्ती से नियंत्रण होना चाहिए। यातायात नियमों का प्रभावी पालन और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का असहनीय दर्द न झेलना पड़े।
दिवित औलख के इस दुखद हादसे ने एक बार फिर पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। आज हर किसी की संवेदनाएं दिनेश औलख और उनके परिवार के साथ हैं। इस कठिन घड़ी में पूरा समाज उनके दुख में सहभागी है और दिवित की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है।सुमित सिंगला ने यह भी जानकारी दी कि दिवित औलख की अंतिम अरदास एवं भोग 5 नवंबर, दिन वीरवार (गुरुवार) को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक बाथ कैसल, जीटी रोड, जालंधर में आयोजित किए जाएंगे।
