पालमपुर : चचियां को कैबिनेट में उप तहसील की मंजूरी देने पर सीएम का जताया आभार

प्रतिमा राणा। पालमपुर
चचियां उप तहसील को कैबिनेट मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राजस्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और त्रिलोकपुर का धन्यवाद
पालमपुर विधानसभा के चचियां को कैबिनेट द्वारा उप तहसील को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व राजस्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह का धन्यवाद उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने अपनी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहे। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को पालमपुर में हुए बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह घोषणा की थी और चचियां नगरी क्षेत्र की 14 पंचायतों का बड़ा स्वप्न आज साकार हो गया। नगरी क्षेत्र में जब-जब भाजपा सरकार आती है, तभी विकास के पहिये को गति मिलती है।
गोपालपुर का चिड़िया घर, राख बल्ला का इंडस्ट्रियल एरिया, जिया खारटी का पुल, हिमानी चामुंडा के पैदल रास्ते का निर्माण, न्यूगल नदी पर नए पुल का निर्माण, लटबाला, हंगलोह, आरठ, गोपालपुर रास्ते का जीर्णोद्धार, बड़सर से सुकेडी, कंडी, बंदला सड़क का कायाकल्प, कुशमल, वगोड़ा, लटबाला कुहल का सुधारीकरण भाजपा सरकार के समय में ही हुआ है। चचियां क्षेत्र की 12 पंचायतों में खेल मैदान तो अभी कुछ दिन पहले ही बनाए हैं।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि भाजपा के समय पालमपुर में नए कार्यालय आते हैं, जबकि कांग्रेस ने पालमपुर को तोड़ कर बैजनाथ, धीरा, उपमंडल बनाए, पालमपुर के पास अपना ब्लॉक भी कांग्रेस के समय नहीं था। यही नहीं कंडबाड़ी के क्षेत्र का थाना बैजनाथ में था, कंडबाड़ी, राजपुर, पट्टी, सुंगल आदि क्षेत्र लोक निर्माण विभाग के बैजनाथ मंडल में थे। कपूर ने कहा कि जयराम ठाकुर ने पालमपुर में नगर निगम बनाया, बनूरी में जलशक्ति विभाग का उपमंडल बनाया और विकास यही नहीं रुकेगा, अभी आगे लोगों को और बड़े-बड़े तोहफे जयराम सरकार द्वारा दिए जाएंगे।