चंद्रभागा पवित्र संगम स्थल पर विसर्जित की जाएंगी वीरभद्र सिंह की अस्थियां
वीरभद्र सिंह 10 जुलाई को अपने अंतिम सफर पर निकलेंगे। रामपुर स्तिथ पद्म पैलेस में अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। रामपुर रियासत के राजा वीरभद्र सिंह के निधन के बाद शनिवार को विक्रमादित्य सिंह का राजा के रूप में राजतिलक किया गया। राजतिलक की रस्म को संपूर्ण विधि-विधान के साथ निभाया गया, उस समय वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह सामने रखा गया। राजतिलक की रस्म के दौरान भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
पद्म पैलेस से जोगड़ी बाग रामपुर के लिए दोहपर बाद 3 बजे अंतिम यात्रा निकलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अंतिम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 150 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इस दौरान विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिसके अनुसार किन्नौर व रामपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को बजीर-बावड़ी से झाखड़ी की तरफ भेजा जाएगा। इस दौरान ज्यूरी से आने वाले वाहनों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ के अनुसार वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था रहेगी। अंतिम यात्रा में लोगों को परेशानी से बचाने के लिए अलग से पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अस्थियां चंद्रभागा पवित्र संगम स्थल पर विसर्जित की जाएंगी। लाहौल-स्पीति की जनता की मांग पर लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह से बात की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अस्थियां तांदी स्थित संगम स्थल पर विसर्जित करने की हामी भरी है। गौरतलब है कि इससे पहले अशोक सिंघल व वाजपेयी की अस्थियां इस संगम स्थल पर विसर्जित की जा चुकी हैं।
