चंबा : मुख्यमंत्री ने क्वारसी नाला पर निर्मित वैली पुल का वर्चुअल माध्यम से किया उद्घाटन
चंबा-होली मुख्य मार्ग पर क्वारसी नाला पर निर्मित वैली पुल का बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस पुल के निर्माण कार्य पर करीब अढाई करोड़ की राशि खर्च हुई है। लोक निर्माण विभाग भरमौर मंडल ने मैकेनिकल विंग के सहायक अभियंता भीम नेगी की देखरेख में 14 दिनों के भीतर इस पुल का निर्माण पूरा किया है।
इस पुल के निर्माण के साथ ही होली घाटी की दर्जनों पंचायतों का संपर्क दोबारा से शेष विश्व से जुड़ गया है। आयोजित समारोह में पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने पुल निर्माण कार्य में अहम भूमिका निभाने वाले सहायक अभियंता भीम नेगी को सम्मानित किया। लोक निर्माण विभाग प्रमोद मंडल के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने पूर्व वन मंत्री और उपायुक्त को सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अमित भरमोरी, उपायुक्त डीसी राणा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया और अधिशासी अभियंता संजीव महाजन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।