धर्मशाला: आने वाले समय में मोदी की जगह होगी केजरीवाल सरकार-पंडित

कहा, जनता को आम आदमी पार्टी पर पूरा विश्वास
पंकज सिंगटा। धर्मशाला
धर्मशाला में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज पंडित द्वारा पत्रकार वार्ता को संबोधित किया गया। इस दौरान पंकज पंडित ने कांग्रेस और भाजपा को जम कर आड़े हाथ लिया। पंकज पंडित ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा एक है, कांग्रेस को वोट देना मतलब भाजपा को वोट देना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दब दबा बढ़ता जा रहा है और आम आदमी पार्टी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसके चलते कांग्रेस और भाजपा के लिए आम आदमी पार्टी एक बड़ी चुनौती बन कर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा दावा करती है कि हम रिवाज बदल देंगे और कांग्रेस का कहना है कि हम बहुत मजबूत हैँ, लेकिन उनसे अपने ही नेता नही संभालें जा रहे हैं। आज लोगों के घरों तक एक बात पहुंच चुकी है कि कांग्रेस या भाजपा को वोट देना एक ही बात है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन कर सामने आई है। इसलिए भाजपा आम आदमी पार्टी पर दबाव बना रही है। आज पूरा विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी से सवाल कर रहा है, लेकिन मोदी सरकार आम आदमी पार्टी को चुनौती मान रही है। पंडित ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस के 2 विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं। वहीं, भाजपा के 2 नेता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। इसी के चलते आम आदमी पार्टी को जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। वहीं, मनीष सिसोदिया और सतेंद्र जैन पर चल रही जांच के सवाल पर पंडित ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर तरह की जांच का समर्थन करती है, लेकिन जब चुनाव आते हैं, तभी क्यों जांच की जाती है। खैर, आम आदमी पार्टी इससे डरने वाली नहीं है और आने वाले समय में मोदी सरकार की जगह केजरीवाल की सरकार होगी।