मंडी : पुत्रमोह, परिवारवाद और भाई-भतीजावाद कांग्रेस पार्टी के काले चरित्र की काली सच्चाई–बिहारी लाल शर्मा
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर मंडी सांसद का व्यवहार व टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, माफी मांगे कांग्रेस अध्यक्ष
आशीष आजाद। मंडी
पिछले दिनों कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद प्रतिभा सिंह द्धारा पत्रकारों के साथ किए दुर्व्यवहार पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा संज्ञान लिया है। मीडिया को जारी बयान में प्रदेश भाजपा सचिव और मंडी संसदीय क्षेत्र सह प्रभारी बिहारी लाल शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश के कुछ नेता अभी भी राजशाही सोच से बाहर नहीं निकल पाए हैं और जनता के साथ साथ मीडिया को भी अपने परिवार की जागीर समझते हैं। उन्होंने कहा कि पहले इनके पुत्र का कर्मचारियों के खिलाफ टिप्पणी करना उसके बाद भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी ये सब रजवाड़ा शाही का परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता भी लगातार अमर्यादित व्यवहार व भाषा का जहर मुख्यमंत्री के खिलाफ उगलते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सार्वजनिक रूप से ऐसा व्यवहार सहन योग्य नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व द्धारा प्रतिभा सिंह को ज्यादा तरहीज ना देने से वे बौखलाहट में है और उनके व्यवहार में चिड़चिड़ापन और गुस्सा स्थान कर गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सगंठन कांग्रेस सांसद के इस क्रूर व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करती है और मांग करती है कि वे पत्रकार बंधुओं से सार्वजानिक रूप से माफी मांगे, क्योंकि ऐसे अपशब्द स्वस्थ लोकतंत्र के लिए उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रतीभा सिंह सच्चाई से भाग रही हैं। क्याेंकि पुत्रमोह और परिवारवाद कांग्रेस पार्टी के काले चरित्र की काली सच्चाई है।