बिलासपुर बस हादसे में मृ*तकों की संख्या पहुंची 16, CM सुक्खू ने जताया दुख

हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर जिले के झंडूता तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले गांव भल्लू में सोमवार शाम करीब 6:40 बजे हुए दर्दनाक भूस्खलन हादसे में लापता बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही इस भीषण हादसे में मरने वालों की कुल संख्या अब 16 हो गई है, जिनमें 11 पुरुष, 4 महिलाएं और 1 बालक शामिल हैं। इसके अलावा, 2 बच्चे 1 लड़का और 1 लड़की को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें एम्स बिलासपुर में उपचार के बाद आज सुबह छुट्टी दे दी गई है,
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखिविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही बस हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि, बिलासपुर में बहुत दुखद घटना हुई। इस घटना की सूचना जैसे ही प्रशासन से सूचना मिली और मंत्री राजेश धर्माणी जी ने सूचित किया तो तत्काल हमारी सरकार ने कार्रवाई की। दुर्घटनास्थल पर पोकलेन और जेसीबी लगाई गई। इस हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों को 4 लाख रुपए देने की बात कही है। मुआवजे से इन घावों को नहीं भरा जा सकता है, लेकिन आर्थिक मदद के तौर पर ये राशि परिजनों को दी जा रही है।