कांगड़ा : नगर परिषद मैदान में हुआ फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल मैच का आयाेजन, यंगस्टर्स फुटबॉल क्लब बना विजेता

तिलक राज। कांगड़ा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा नगर पालिका मैदान कांगड़ा में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में यंगस्टर्स फुटबॉल क्लब कांगड़ा की टीम ने पुराना कांगड़ा के टीम को 2-0 गोल के अन्तर से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में स्थानीय विधायक पवन काजल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। काजल ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शो का अनुसरण कर जीवन का लक्ष्य हासिल करने की अपील की। काजल ने कहा स्वामी विवेकानंद जी के विचार है कि जिद करो और दुनिया बदलो। युवाओं को भी नशे से दूर रहकर खेलों में अपने भविष्य को आजमा कर नौकरियों में आरक्षण का लाभ लेना चाहिए। काजल नें कहा नगर पालिका मैदान के विकास पर पहले भी पांच लाख रुपए खर्च किए गए हैं और इस मैदान में आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजकों को ग्यारह हजार रुपए और दोनों टीमों को जो फाइनल में खेल रही थी, उन्हें एक-एक हजार रुपए की राशि पुरस्कार के तौर पर दी। इससे पहले काजल नें दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एबीवीपी के प्रांत संगठन अनूप ठाकुर ने बताया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा महोत्सव के तौर पर मनाया जाता है।
इसी कड़ी में नगर पालिका मैदान कांगड़ा में डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा के एबीवीपी संगठन के छात्रों द्वारा फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 17 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने युवाओं को एबीवीपी के इतिहास की जानकारी दी। इस मौके पर एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री कोमल, कांगड़ा एबीवीपी इकाई अध्यक्ष केशव शर्मा, मंडल भाजपा अध्यक्ष सत्यप्रकाश सोनी, महासचिव रजनीश मोना, रमेश, राकेश मेहरा, तिलक सोनी, अभिनव शर्मा व आशुतोष सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।