कुनिहार:-हद कर दी, अभी तक नहीं मिली बच्चों को वर्दी
ममलीग स्कूल के बच्चों को वर्दी मिलने की आस में बैठे ममलीग स्कूल के बच्चे
शीतकालीन पाठशालाओं को खुले लगभग 4 माह होने पर भी अभी तक सरकार द्वारा चलाई गई मुफ्त अटल वर्दी योजना के अंतर्गत सरकारी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चे इस योजना से अभी तक वंचित है। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला ममलीग के अभिभावक सरकार की ओर से मिलने वाली वर्दी के इंतजार में हैं, उनका कहना है कि बच्चे घर के कपड़ों में ही स्कूल जा रहे हैं । अभिभावक इस आस में बैठे है कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी बच्चों को वर्दी मिल जाएगी। हरिदत्त शर्मा, अश्वनी परिहार, कैलास शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, सूरतराम परिहार, अनिल कुमार आदि अभिभावकों ने सरकार को कोसते हुए कहा है कि अगर सरकार समय से वर्दी उपलब्ध नहीं करवा सकती, तो ऐसी योजनाओं का क्या लाभ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अव्यवस्था के कारण ही अभिभावक वर्ग निजी स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए मजबूर हैं । उन्होंने सरकार व प्रसासन से मांग की है कि जल्द ही बच्चों को वर्दी मुहैया करवाई जाए।
इस बारे विद्यालय एसएमसी अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि स्कूल खुले हुए लगभग 4 माह हो गए हैं, पर अभी तक बच्चों को वर्दी नहीं मिली है, जिससे अभिभावक वर्ग खासा परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्राध्यक्ष स्यामलाल शर्मा से इस विषय में बात हुई, तो उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा अभी पाठशालाओं को वर्दी जारी नहीं की गई है और जैसे ही विभाग द्वारा वर्दी जारी होगी, उसके अगले दिन बच्चों को वर्दी बांट दी जाएगी।
