धन बल से जनमत का अपमान करने वालों को सबक सिखाएगी प्रदेश की जनता : मुख्यमंत्री
सिरमौर जिला के विधानसभा क्षेत्र शिलाई में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वे जनता के बल पर राजनीति करते हैं और उनके लिए कुर्सी आम आदमी की आशाओं को पूरा करने का साधन है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि धन के बल पर जनता के मत का अपमान करने वालों को लोकसभा चुनाव में अवश्य सिखाएं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल का लोकतंत्र का गला घोंटने का सपना केवल सपना ही रहेगा। इससे पहले उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न मांगों से उन्हें अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार काम करने में विश्वास रखती है और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से शिलाई क्षेत्र को विकास का आदर्श बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध निदान उनकी प्राथमिकता है और वह राजनीतिक हित साधने के लिए समस्याओं को लटकाने में विश्वास नहीं रखते। प्रदेश की कांग्रेस सरकार आमजन को राहत पहुंचाने के लिए समय पर निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी फायदे के लिए नहीं अपितु जन कल्याण के लिए सोच समझकर निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं आम परिवार से संबंध रखते हैं और उनका यह प्रयास है कि आमजन की समस्याओं के निदान के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाई जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है और जन-जन के आशीर्वाद से सभी बाधाओं को पार कर इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने जो वायदे किए उन्हें पूरा किया जा रहा है और यह प्रयास किया जा रहा है कि वित्तीय स्थिति में सुधार लाते हुए जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त किया जाए।