कुनिहार : विकास खंड कार्यालय को दर्शाने वाला नहीं कोई भी साइन बोर्ड, लाेग परेशान
रंजीत सिंह। कुनिहार
क्षेत्र की प्रसिद्ध शिव तांडव गुफा को जाने वाली सड़क पर लाखों रुपए खर्च करके स्वागत द्वार बनाया गया है। विडंबना यह है कि इस स्वागत द्वार पर कोई भी दिशासूचक साइन नहीं है। अकसर बाहर से विकास खंड कार्यालय काम से आने वाले लोगों को विकास खंड कार्यालय को दर्शाने वाला कोई भी साइन बोर्ड न होने से परेशानी से गुजरना पड़ता है। विकास खंड कार्यालय में ही सोसायटी पंजीकरण शाखा व आधार कार्ड बनाने का कार्य भी होता है और कुनिहार सब तहसील कार्यालय के नए भवन निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसके निर्माण का कार्य भी जल्द ही आरंभ होने वाला है।
इंद्र पाल शर्मा, ओम प्रकाश गर्ग, कृष्ण लाल, पीयूष तनवर व चमन लाल सहित लोगों ने कुनिहार विकास खंड को जाने वाली सड़क पर लगे द्वार पर कार्यालय दिशासूचक साइन बोर्ड लगवाने की मांग खंड विकास अधिकारी कुनिहार से की है, ताकि स्वागत द्वार पर अंकित दिशा सूचक से बाहर से आने वाले लोगों को भटकना न पड़े व बोर्ड की कुरूपता भी समाप्त हो जाए। विदित रहे इससे पूर्व एचडीएफसी बैंक ने यहां साइन बोर्ड लगवाया था, परंतु पिछले कुछ वर्षों से यहां लगा बोर्ड भी जंग खा चुका है। इस संबंध में विकास खंड अधिकारी कुनिहार तारा शर्मा का कहना है कि उनके संज्ञान में यह विषय है व जल्द ही किसी सामाजिक संस्था या फिर किसी ओर साधन से यंहा पर साइन बोर्ड दरुस्त करवा दिया जाएगा।
