डिप्टी सीएम मुकेश की पत्नी सिम्मी अग्रिहोत्री को हजारों नम आंखों ने दी अंतिम विदाई
** शुक्रवार रात को हृदय गति रुकने के कारण हो गया था निधन
** पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में हुआ अंतिम संस्कार
** बेटी आस्था अग्निहोत्री ने अपनी दिवंगत माता को मुखाग्नि दी
** दिवंगत आत्मा को मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार देर रात हृदय गति रुकने के कारण देहांत हो गया था। आज उनके पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में हजारों लोग उनके अंतिम दर्शन करने पहुंचे। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू सहित कई नेता पहुंचे थे। हजारों लोगों ने सिम्मी अग्निहोत्री को शमशान घाट पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उनके अंतिम संस्कार के समय में भी मुख्यमंत्री वहां पर मौजूद रहे।
सीएम सुक्खू ने पत्रकारों से कहा कि जाहिर सी बात है कि जब कोई परिवार का सदस्य अचानक चला जाता है तो दिल को बड़ी ठेस पहुंचती है। इस परिवार का कांग्रेस पार्टी के लिए काफी योगदान रहा है। हम सब लोग जहां पर दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं। हमारी भगवान से प्रार्थना है कि वे परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
राज्यपाल ने निधन पर व्यक्त किया शोक
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का गत देर सायं निधन हो गया। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति से उबरने की प्रार्थना की है।