कांगड़ा : शरण कॉलेज में तीन दिवसीय खेलों का हुआ शुभारंभ
एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर रहे बताैर मुख्यातिथि उपस्थित
तिलक राज । कांगड़ा
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वूमैन घुरकड़ी (कांगड़ा) में तीन दिवसीय खेलों का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुआ।कार्यक्रम का आगाज़ परेड की सलामी से हुआ। कार्यक्रम में एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर (आईएएस) ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कॉलेज पधारने पर कॉलेज प्रबंधक एचके चांद सैनी व चेयरमैन अंशुल सैनी ने उनका पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। तीन दिवसीय खेलों के दौरान शरण कॉलेज के प्रांगण में खो-खो, कब्बडी, मटका रेस, सैक रेस, 200 मीटर रेस, 400मीटर रेस, बालीबाल, बास्केटबॉल तथा अन्य खेंले आयाेजित की जाएंगी। खेल के प्रथम दिन में एसडीएम नवीन तंवर ने कब्बडी के मैच से खेलों की शुरुआत की। उन्होंने छात्राओं को संबाेधित करते हुए कहा कि खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का एक सतत भाग है। खेल गतिविधियां मनुष्य के विकास तथा वृद्धि पर सीधे प्रभाव डालती हैं। इससे तन के साथ-साथ मन पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है।
स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आगे उन्होंने कहा कि लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति होती है। ऐसे में खेल इस तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम है। साथ ही उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा, परिश्रम की भावना भी उत्पन्न होती है, जो छात्रों को अपने जीवन के लक्ष्य को हासिल करने में सार्थक सिद्ध होती है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यकम में चारों सदनों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दी। कॉलेज प्राचार्याडॉ सुमन शर्मा ने एसडीएम का कॉलेज पधारने पर धन्यवाद किया तथा छात्राओं का हौंसला बढ़ाते हुए उन्हें खेलों के महत्व से अवगत करवाया।
