दाड़लाघाट : हुनरबाज शो में दमदार प्रस्तुति में अर्की के तीन पुलिस जवान भी शामिल
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
अगर मन में कुछ करने का जुनून हो तो किसी भी काम को बखूबी किया जा सकता है। ऐसा ही कुछ करके दिखा रहे हैं अर्की उपमंडल के कुनिहार, अर्की व दाड़लाघाट के दाती के रहने वाले तीन युवा जवान। हारमोनी ऑफ पाइन पुलिस बैंड हिमाचल प्रदेश के जवानों ने एक चैनल के हुनरबाज शो में दमदार प्रस्तुति देकर पूरे देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हैं। बता दे कि बैंड में अर्की तहसील के तीन पुलिस जवान शामिल हैं। अर्की तहसील के साथ लगते कुनिहार की कृतिका तंवर कांस्टेबल हैं, जो बैंड में बतौर गायिका काम करती हैं। दाड़लाघाट के दाती गांव के कांस्टेबल दलीप शर्मा बैंड में सेक्सोफोन और बांसुरी वादक हैं। वहीं, अर्की के हितेश भारद्वाज भी कांस्टेबल हैं व बैंड में ढोलक के साथ हैंड सोनिक प्लेयर के रूप में काम कर रहे हैं। इस आर्केस्ट्रा बैंड की टीम ने एक चैनल (कलर टीवी) के शो हुनरबाज में अपनी सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं।
15 सदस्यीय टीम का संचालन कर रहे टीम प्रभारी हेड सब इंस्पेक्टर विजय कुमार टीम की अगवाई कर रहे थे। गायिका एवं कांस्टेबल कृतिका तंवर, दलीप शर्मा, हितेश भारद्वाज ने कहा कि उनके पुलिस आर्केस्ट्रा बैंड हारमोनी ऑफ पाइन के द्वारा शो में शानदार प्रदर्शन किया गया है और अब उनका चयन अगले राउंड के लिए हो गया है।उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम अगले राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
इन तीनों ने अपनी समस्त टीम की ओर से हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक संजय कुंडू का उनके आर्केस्ट्रा बैंड की हौंसला अफजाई को लेकर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के ही आशीर्वाद से आज पुलिस आर्केस्ट्रा बैंड मायानगरी मुंबई में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें अर्की के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के अलावा देशभर से जो प्यार मिल रहा है, उसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं।
