मंडी : पांच हजार औंस रेशम की जरूरत को पूरा करेगा थुनाग रेशम बीज उत्पादन केन्द्र: जय राम ठाकुर
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में प्रदेश के दूसरे रेशम बीज उत्पादन केन्द्र का शुभारम्भ किया। यह केन्द्र हिमाचल प्रदेश में रेशम बीज उत्पादन की जरूरत को पूरा करने तथा रेशम कीट पालकों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। उन्होंने सराज युवा खेल एवं सांस्कृतिक उत्सव-2022 के अन्तर्गत सांस्कृतिक प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता भी की।
इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य में लगभग 12 हजार किसान रेशम उत्पादन से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 7500 औंस रेशम की जरूरत को पूरा करने के लिए राज्य के पहले रेशम बीज उत्पादन केन्द्र पालमपुर में 2500 औंस रेशम का उत्पादन किया जा रहा है। शेष 5000 औंस रेशम की जरूरत अब थुनाग रेशम बीज उत्पादन केन्द्र पूरा करेगा, जो इससे पूर्व आयात की जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बालीचौकी में 4.94 करोड़ रुपये की लागत से रेशम उद्यमिता विकास एवं नवोन्मेष केन्द्र का निर्माण कार्य अन्तिम चरण में है और यह उत्तरी भारत में अपनी तरह का पहला केन्द्र होगा। उन्होंने कहा कि सराज घाटी में रेशम उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 2.5 करोड़ रुपये व्यय कर बागाचनौगी, सरोआ, धरोट, मुराह, ढीमकटारू में राजकीय रेशम केन्द्र का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है।
