कांगड़ा : पेड़ पौधे धरती का सौंदर्य है, इनकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य-डॉ. केएस अत्री

मनोज कुमार। कांगड़ा
अटल बिहारी बाजपेयी राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा निर्देशित कार्यक्रम "एक पेड़ मेरे कॉलेज के नाम "इको क्लब, रोवर रेंजर एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएस अत्री रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित "एक पेड़ मेरे कॉलेज के नाम" तथा वन विभाग का वृक्षारोपण कार्यक्रम सराहनीय है। दोनों का उद्देश्य पर्यावरण को सुरक्षित करना मानव जीवन के लिए अति आवश्यक है।उन्होंने कहा पेड़ पौधे धरती का सौंदर्य है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति में वृक्षों में देवताओं की झलक देखी जाती है, उन्हें गर्मी सर्दी से उसी प्रकार बचाया जाता है, जिस प्रकार माता-पिता अपने बच्चे की रक्षा करते हैं। वृक्षों को काटना प्राचीन समय में अपराध समझा जाता था और साथ ही उस अपराध के लिए दंड की व्यवस्था भी थी।
प्राचार्य ने कहा कि वृक्षों का तेजी से काटा जाना पर्यावरण संतुलन के लिए गंभीर चुनौती है। इससे भूमि कटाव तथा बाढ़ इत्यादि प्राकृतिक आपदाएं उत्पन्न हो सकते हैं। वृक्षों के लगातार काटने तथा इंधन की आवश्यकता को देखते हुए 1950 में भारत सरकार ने वन महोत्सव योजना का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि देश में वृक्षारोपण का कार्यक्रम व्यापक रूप से चलाया जा रहा है तथा इससे संबंधित केंद्र सरकार ने सभी राज्यों की सरकारों को यह कड़े निर्देश भी दिए हैं कि केंद्र सरकार की आज्ञा के बिना किसी भी जंगल को साफ नहीं किया जाएगा। प्राचार्य डॉ. केएस अत्री ने कहा कि पेड़ पौधों का हमारे दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है, जहां एक और पेड़ पौधों को संरक्षण देने के लिए सरकार कठोरता के साथ वृक्षारोपण को बढ़ावा दे रही है।वहीं, प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य बनता है कि वह भी देश की उन्नति के इस पुनीत कार्यक्रम में अपना योगदान सुनिश्चित करेंगे।
इसलिए हमें वृक्षों के विकास के लिए प्रयत्नशील होना होगा। इस संदर्भ में एक पेड़ मेरे कॉलेज के नाम कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में आज जो वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर ईको क्लब प्रभारी डॉ. अश्विनी शर्मा ने कहा कि वृक्ष हमारे देश की अमूल्य संपत्ति है, वृक्ष मनुष्य को शीतल छाया प्रदान कर गर्मी से बचाते हैं। वृक्ष हमारे जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी है, प्राणी मात्र जीवन वृक्षों पर ही निर्भर करता है। वृक्षारोपण का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. के एस अत्रि, एसडीएम कांगड़ा नवीन तंमर, वीडीओ केएस राणा, ईको क्लब प्रभारी डॉ. अश्विनी, डिप्टी रेंजर वन विभाग राकेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राध्यापक वर्ग से प्रोफेसर अमरीश घई, प्रोफेसर पवन, डॉ. प्रीति वाला, प्रो. श्रुति, प्रो. लेखराज, प्रोफेसर सतपाल, महिला मंडल के प्रधान एवं ग्राम पंचायत के प्रधान जनक, सविता एवं मनीष तथा ईको क्लब एवं रोवर रेंजर के समस्त सदस्य भी उपस्थित रहे।