दाड़लाघाट : ट्रक ऑपरेटरों ने प्रदेश सरकार व प्रशासन से की पुल से ट्रकों काे जाने की अनुमति की मांग
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
दाड़लाघाट व बागा के ट्रक ऑपरेटरों ने प्रदेश सरकार व प्रशासन से एनएच-205 पर घंडल में बने पुल से ट्रकों को जाने की अनुमति देने की मांग की है। ट्रक ऑपरेटरों में हेमचंद, रमेश ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, जयप्रकाश, संजय ठाकुर, नरेश, सुरेश, कमलजीत, संजीव, रमेश, सतीश, कुलदीप ठाकुर, राजू, दीपू व श्याम सहित अन्य ऑपरेटरों ने कहा है कि आम वाहनों के आवागमन के लिए बनाया 20 टन वजन सहन करने वाला काम चलाऊ पुल आज ट्रक ऑपरेटरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि पुल से 20 टन से ज्यादा भार के वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। वहीं, वाहनों के बाहर को आंकने के लिए कोई भी मशीन नहीं लगाई है। एक तरफ तो उन्हें ज्यादा तेल खर्च व घूम कर आना पड़ रहा है।
वहीं, ट्रकों को नुकसान भी हो रहा है, लेकिन सरकार व एनएचएआई की निद्रा के चलते अभी तक इस सड़क के पुननिर्माण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि इस सड़क पर बने पुल से प्रतिदिन सरकार में बैठे सभी दलों के प्रतिनिधियों व सरकारी उच्चाधिकारियों का आवागमन होता रहता है तथा उन्हें पुल के कारण होने वाली कठिनाइयों के बारे में सब कुछ ज्ञात है, लेकिन जाने किस कारण इस सड़क के निर्माण के लिए कोई आवाज नहीं उठा रहा है।
उनका कहना है कि किन्नौर जैसी जगहों पर बने पुलों पर भी छह टायर वाले ट्रक आ जा सकते हैं, तो घंडल पर बने पुल से छह टायर वाले ट्रकों का आना जाना क्यों बंद किया गया है, जिसके कारण ऑपरेटरों को अभी तक लाखों का नुक़सान हो चुका है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस सड़क का जल्दी से निर्माण कार्य किया जाए व जब तक सड़क निर्माण नहीं होता है, तब तक छह टायर वाले ट्रकों को इस पुल से गुजरने की परमिशन दी जाए, ताकि ट्रक ऑपरेटरों को राहत मिल सके।
