कांगडा : दोपहिया वाहन चालक दिखा रहे यातायात नियमों को ठेंगा

सड़क दुर्घटनाओं से हो रहीं मौतो से सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार को यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए निर्देश दिए है लेकिन कांगड़ा में दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट, ट्रिपलिंग, बिना नंबर प्लेट, नाबालिक चालक, तेज रफ्तार देखे जा सकते हैं। इसमें युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग भी शामिल है जो कि यातायात नियमों की ठेंगा दिखा रहे हैं। वहीं इनको पूछने वाला भी कोई नहीं है। तहसील चौक हो या कॉलेज रोड हर जगह बिना हेलमेट या ट्रिपलिंग के दोपहिया वाहन चालक देखे सकते हैं तथा पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने हुए हैं। पुलिस समय-समय पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी करती है लेकिन इन दिनों कांगड़ा में यातायात नियमों का उल्लंघन साफ देखा जा सकता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन पर अंकुश लगाया जाए। वहीं इंटेलिजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी यहां लगाया जाए ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान ऑनलाइन हो सके।
वही कांगड़ा के साथ लगते गावों में भी नियमों का उल्लंघन हो रहा है। यहां पर भी दोपहिया वाहनों में बिना हेलमेट व ट्रिपलिंग देखी जा सकती है जोकि इन दिनों कांगड़ा में आम बात हो गई है। ज्यादातर वाहन चालक सुबह स्कूल के लगने के समय या छुट्टी के समय देखे जा सकते है। इनमे से कुछ स्कूली छात्र भी है।
इस संबंध में कांगड़ा थाना प्रमुख विजय कुमार ने बताया कि पुलिस समय-समय पर यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के चालान काटती है अगर यह फिर भी नहीं मानते हैं तो इनका वाहन जब्त कर लिया जाएगा। वहीं स्कूल प्रशासन से भी इस बारे में बात की जाएगी।