मनाली में होटल के कमरे से 91.290 ग्राम चिट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार
मनाली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के एक कमरे से 91.290 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 मार्च को रात लगभग 10:50 बजे थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान IBEX चौक पर विश्वसनीय सूचना मिली कि होटल मंगलदीप-02, गोंपा रोड़, मनाली के कमरा नंबर 202 में ठहरे दो युवक चिट्टा/हेरोइन बेचने का कार्य कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। कमरे में मौजूद व्यक्तियों ने अपनी पहचान विजय कुमार (31 वर्ष), निवासी वीपीओ भूना, तहसील व जिला फतेहाबाद (हरियाणा) तथा संजीव वैद्य (24 वर्ष), निवासी मकान नंबर 3396, सेक्टर 25-डी, चंडीगढ़ के रूप में बताई। कमरे की तलाशी लेने पर बैड के तकिये के नीचे रखे खाकी रंग के कागजी बैग से एक बीड़ी बंडल, एक लाइटर एक काला लेदर पर्स (जिसमें ₹1100 व एसबीआई एटीएम कार्ड विजय कुमार के नाम) तथा एक पारदर्शी पॉलिथीन लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे में हल्के पीले रंग का दानेदार पदार्थ मिला, जो प्रारंभिक जांच में चिट्टा/हेरोइन प्रतीत हुआ। तराजू से तोलने पर पदार्थ (पॉलीथीन सहित) कुल 91.290 ग्राम पाया गया। पुलिस ट्राम द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामलें में आगामी कार्रवाई जारी है।
