ऊना: भाजपा सेवा करने और कांग्रेस मेवा खाने आती है : अनुराग
( words)
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने महा जनसंपर्क अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित समूर कलां में विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में दो दर्जन से ज़्यादा पूर्व सैनिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की जिस पर अनुराग ने कहा कि देश के सैनिक देश की पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं।
अनुराग ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, कि हमने इतने काम करके दिए, मगर इनसे कुछ भी पूछो तो यह बोलते हैं पैसे नहीं हैं। हमने ऊना में 25 करोड़ का जच्चा बच्चा अस्पताल बनाया। इनसे सड़क या अस्पताल की बात करो तो बोलेंगे पैसे नहीं है। भाजपा सरकार के जाने से हिमाचल का विकास थम गया है। हम सेवा करने आए थे, यह मेवा खाने आए हैं।
ठाकुर ने कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी कान खोलकर सुन लें, आज स्वयं इटली की प्रधानमंत्री मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताती हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति कहते हैं कि मोदी मैं आपका इंतजार कर रहा हूं। आपके कार्यक्रम हेतु मेरे पास टिकट खत्म हो गए हैं। पूरे विश्व ने देखा कि जब मोदी जी अमेरिकी संसद में भाषण देने गए तो कैसे वहां के सांसदों ने उनका ऑटोग्राफ लिया। आज अगर अमेरिकी संसद में मोदी-मोदी हुआ तो यह 140 करोड़ देशवासियों के लिए सम्मान की बात है।
अनुराग ने कहा कि पीएम मोदी ने ऊना को 400 करोड़ का पीजीआई अस्पताल दिया। 200 करोड़ का बनकर आईआईआईटी तैयार है। 30 करोड़ का केंद्रीय विद्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। बंगाना में 28 करोड का केंद्रीय विद्यालय बन रहा है। देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन भी ऊना से ही चली। अगर मैं ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर तीनों जिलों की बात करूं तो मैंने इसी बार इन तीनों जिलों के लिए 620 करोड रुपए की सड़कें मंजूर कराई हैं। पार्लिमेंट के अन्य जिलों को मिला लिया जाए तो 710 करोड मंजूर हुए हैं। यह तो केवल 1 वर्ष में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की बात कर रहा हूं।
