ऊना : उप मुख्यमंत्री ने हरोली में विश्रामगृह भवन की रखी आधारशिला
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र हरोली के उपमंडल मुख्यालय में वीरवार को करीब 6.21 करोड़ से बनने वाले तीन मंजिला विश्रामगृह भवन का नींव पत्थर रखा। जलशक्ति विभाग के इस विश्राम गृह में 15 कमरों का निर्माण किया जायेगा। हरोली पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ने उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री ने विधिवत पूजा अर्चना करते हुए इस भवन परिसर का शिलान्यास किया। इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने जलशक्ति विभाग के अधिकारीयों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का फीडबैक लिया वहीं विकास योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश भी दिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विभाग की अपनी ही जमीन पर इस परिसर को विकसित किया जा रहा है, जिसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भवन में 15 कमरे तैयार किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय लोगों के साथ साथ विधानसभा क्षेत्र में आने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का हनीमून पीरियड खत्म हो चुका है और 6 महीने के बाद अब प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर पूरी तरह से केंद्रित हो चुकी है और हर विकास योजना को सिरे चढ़ाया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा मौजूदा सरकार की विदाई को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर का दौर जा चुका है और गुजरा जमाना कभी वापस नहीं आता। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया है, कांग्रेस ठोक बजा के 5 साल तक प्रदेश में अपनी सरकार चलाएगी। उन्होंने जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर अधूरी इच्छाओं के साथ विदाई लेकर गए हैं, इसलिए वह मौजूदा सरकार पर टीका टिप्पणी कर रहे हैं जिसके संबंध में उन्हें कुछ नहीं कहना। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार विकास पसंद सरकार है।
