ऊना: संतोखगढ़ पुल पर बड़ा हादसा, गैस टैंकर और टिप्परों में टक्कर, तीन लोग घायल
रविवार सुबह संतोखगढ़ पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक LPG गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में तीनों वाहनों के चालक घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक गाड़ियों के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और गाड़ियों के आगे के हिस्से को तोड़कर ड्राइवरों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए पुल पर यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात बहाल करवाया। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शनिवार रात को भी संतोखगढ़ के गौशाला चौक पर एक बड़ा हादसा हुआ था, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक दुकान में जा घुसा। इस घटना में भी भारी नुकसान हुआ, हालांकि गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
