ऊना : वंदे भारत ट्रेन समेत ऊना को कई सौगातें मोदी सरकार की देन : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग ठाकुर एक दिवसीय दौरे पर ऊना पहुंचे। अनुराग गगरेट स्थित पांवढ़ा में कंदवाड़ी के स्वामी अमरज्योति के गौशाला पहुंचे व 108 फुट लंबे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण व निर्माणाधीन शूटिंग रेंज का अवलोकन किया।
अनुराग ने कहा कि विकास ही हमारी प्राथमिकता है और मोदी सरकार ने ऊना को सौग़ातें देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री ने देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन की सौगात हिमाचल को दी, जिसके शुभारंभ के लिए ख़ुद वे ऊना आए थे। हिमाचल में अब हिंदुस्तान की सबसे आधुनिक ट्रेन भाजपा के कारण ही चल पड़ी है। हिमाचल प्रदेश में रेल सेवाओं का विस्तार हो, हिमाचल को कनेक्टिविटी से जुड़ी कोई समस्या ना हो इसके लिए मोदी सरकार नई ट्रेनें चलाने से लेकर ज़रूरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट इत्यादि पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2023 - 24 के लिए हिमाचल प्रदेश में रेलवे विस्तार के लिए 1838 करोड़ रुपये मंज़ूर किए हैं। सामरिक महत्व की भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन के लिए 1000 करोड़ ,चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन को 450 करोड़ रुपये , नंगल- तलवाड़ा रेल लाइन के लिए 452 करोड़ रुपए वर्ष 2023-24 के बजट में मंज़ूर किए गये हैं। रेल विस्तार के लिए 1838 करोड़ की यह मंज़ूरी यूपीए शासन काल के वर्ष 2009 - 2014 से 17 गुना ज्यादा है । वर्तमान में प्रदेश में 19556 करोड़ से 258 किलोमीटर की 4 परियोजनाओं पर काम जारी है।
अनुराग ने कहा कि गौ संरक्षण व संवर्धन व विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए विख्यात श्रद्धेय गुरु योगीराज अमर ज्योति के गौशाला का अवलोकन गौसेवा कर अभिभूत हूं। यहां वर्तमान में 125 से अधिक गायों का संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। देश विदेश में इस स्तर का संस्थान, खास तौर पर गायों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य अत्यंत सराहनीय है। हिमाचल प्रदेश व देश भर में आने वाली पीढ़ियां सदैव गुरुदेव की आभारी रहेंगी और इससे प्रेरणा ले जीवन को बड़े स्तर पर जीने का तरीका सीखेंगी।
अनुराग ने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र के ऊना ज़िले के गगरेट विधानसभा में वर्षों से मांग थी कि यहां के लोहारली खड्ड पर 500 मीटर लंबे डबल लेन की मंजूरी, दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, अम्ब रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन का विधुतीकरण व फुटओवर ब्रिज का विस्तार, उना रेलवे स्टेशन पर दूसरे प्लेटफ़ॉर्म एवं फुटओवर ब्रिज की मंज़ूरी, पुराने का का विस्तार, नई रेलगड़ियां की मंज़ूरी व चुरारू तकराला अंबाला कैंट-दौलतपुर चौक पैसेंजर स्पेशल ट्रेन व रायमेहतपुर सहारनपुर-ऊना हिमाचल पैसेंजर एक्सप्रेस का ट्रेन समेत प्रमुख गाड़ियों का स्टापेज 500 करोड़ से जिला उना में पीजीआई सेंटर, 200 करोड़ से सलोह में ट्रिपल आईटी का निर्माण कर क्लासेज कराना, जीतपुर बेहड़ी में एथनॉल प्लांट की स्वीकृति कराना ऊना समेत पूरे हिमाचल के लिए मोदी सरकार की ओर से बड़ा तोहफ़ा है। इस अवसर पर पूर्व विधायक का राजेश ठाकुर, जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया सहित अन्य भाजपा के नेता उपस्थित रहे।
