ऊना : आर्थिक मोर्चे पर प्रदेश को करेंगे मजबूत, न विकास रुकेगा; न ही वेतन : मुकेश
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, यह बात 6 माह बाद भी भाजपा के नेता हजम नहीं कर पा रहे हैं। मुकेश ने कहा कि लगातार भाजपा के नेताओं को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ रहा है। आगे आने वाले चुनावों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा, बावजूद इसके जमीन पर पैर भाजपा के नेता रख नहीं पा रहे हैं, हवाई बातें कर रहे हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल को आर्थिक मोर्चे पर मजबूत बनाएंगे, न विकास रुकेगा,न वेतन रुकेगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के कल्याण के लिए नीतियां भी बनेगी। उन्होंने कहा कि बजट में ही हिमाचल प्रदेश की सरकार ने अपना विजन स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी गारंटी ओपीएस को पूरा कर दिया है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के नेता तो 6 महीने में ही उछल कूद करने लग पड़े हैं । उन्होंने कहा कि अभी तो 5 वर्ष का समय पड़ा है, सब्र करें ।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह भाजपा के वह नेता हैं जिनके खाने के और दिखाने के दांत अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में जाकर हिमाचल का विकास रोकने, आर्थिक मदद रोकने का षड्यंत्र करते हैं और हिमाचल में अपने आपको हिमाचल का हमदर्द बनाने की बात करते हैं । उन्होंने कहा कि जनता इनकी असलियत जान गई है, मुकेश ने कहा कि हिमाचल के हित की एक भी भाजपा के नेता आवाज उठा नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि विकास का विरोध करते हैं, वाटर सेस का विरोध करते है जहां से प्रदेश को आमदर होगी ।हिमाचल की नीतियों का विरोध करते हैं ।उन्होंने कहा कि भाजपा के विरोध का कोई फर्क प्रदेश की सरकार को नहीं पड़ता है। प्रदेश की सरकार मजबूत है।
कानून व्यवस्था पुख्ता, कानून करेगा अपना काम
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रदेश में पुख्ता रहेगी। पुलिस को फ्री हैंड है। उन्होंने कहा कि चाहे माफिया हो,चाहे आरोपी हो किसी भी हालत में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा, कोई किसी प्रकार का दबाव नहीं होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सौहार्द कायम रहे ,शांति बनी रहे ,देवभूमि का सम्मान बना रहे ,इसके लिए सब मिलकर के काम करें। उन्होंने कहा कि जो भी घटनाएं हुई हैं उनकी कड़ी निंदा है। हम हर घटना पर नजर बनाए हुए हैं और पुलिस पूरी तरह से कार्रवाई निष्पक्षता से कर रही है, हर वर्ग को इसका विश्वास दिलाते हैं कि निष्पक्षता से कार्रवाई होगी।
