ऊना : त्यौहारी सीजन में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर
-जिला पुलिस ने चलाया विशेष सतर्कता अभियान
-शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर हो रही गश्त
दीपावली व अन्य त्यौहारी के दृष्टिगत जिला पुलिस ऊना द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए 7 से लेकर 14 नवंबर तक विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला पुलिस के समस्त अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र में सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक बाजारों, बस एवं टैक्सी स्टैंडों व अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर कर्मचारियों सहित उपस्थित रहकर असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रख रहे हैं। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य आम जनता के मध्य सुरक्षा की भावना को विकसित करना और त्योहार के कारण अपेक्षित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सटीक यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक ऊना ने आम लोगों का आह्वान किया है कि वे भी अपने स्तर पर सतर्कता बनाए रखें व किसी भी संदेहजनक या आपातकालीन अवस्था में तुरंत पुलिस को सूचित करें।