ऊना: वरिष्ठ भाजपा नेता हरिओम भनोट का निधन, बेटे राजीव भनोट ने दी मुखाग्नि
** उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री व भाजपा नेता सतपाल सत्ती ने जताया गहरा दुख
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेश सचिव व हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिओम भनोट का वीरवार को अंतिम संस्कार किया गया। हरिओम भनोट का बुधवार सायं अपने निवास स्थान पर निधन हो गया था। वे 80 वर्ष के थे। उनके पुत्र राजीव भनोट ने उन्हें मुखाग्रि दी।
अंतिम संस्कार में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने विशेष रूप से पहुंचकर दिवंगत हरिओम भनोट को अपनी श्रद्धांजलि भेंट की। वहीं, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व ऊना सदर विस क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने भी उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की। उप मुख्यमंत्री ने पूर्व कर्मचारी नेता हरिओम भनोट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हरिओम भनोट एक जुझारु कर्मचारी नेता थे। जिन्होंने करीब तीन दशक तक प्रदेश की कर्मचारी राजनीति में अहम भूमिका अदा की।
वहीं, हिमाचल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व ऊना सदर विस क्षेत्र से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि हरिओम भनोट एक जुझारु नेता रहे। दो दशक से अधिक समय तक उन्होंने पार्टी में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरिओम भनोट के निधन से भाजपा ने एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को खो दिया है।
वहीं, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने वरिष्ठ पत्रकार राजीव भनोट के पिता हरिओम भनोट के निधन पर शोक व्यक्त किया है। गुरुवार को उपायुक्त राघव शर्मा ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर स्व. हरिओम भनोट को श्रद्धांजलि भेंट की। उपायुक्त राघव शर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रभु से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
अंतिम संस्कार के अवसर पर एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष व पार्षद अमरजोत सिंह बेदी, नगर परिषद उपाध्यक्ष विनोद पुरी, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी व अविनाश कपिला, प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा विक्कू सहित अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि भेंट की।