ऊना : कांग्रेस सरकार के नेता सत्ता के नशे में चूर, मंत्रियों को हत्या का पता ही नहीं : सत्ती
( words)
ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा चंबा के मनोहर की हत्या करके आठ टुकड़े करने को लेकर की जा रही भाजपा विरोधी बयानबाजी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हत्या आरोपी के घर को जलाने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, लेकिन पूरा प्रदेश जानता है कि चंबा में हत्या आरोपी के घर को उग्र हुई भीड़ ने आग के हवाले किया था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को अन्याय पूर्ण बताने के लिए कांग्रेस भाजपा पर आरोप लगा रही है लेकिन मुख्यमंत्री या उप मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस का कोई भी मंत्री और विधायक मृतक मनोहर के परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा। यहां तक कि कांग्रेस सरकार के सत्ता मद में चूर मंत्रियों को कई दिन बाद तक भी इस हत्याकांड के बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी।
सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मनोहर की हत्या करने के बाद उसके शव के 8 टुकड़े किए जाने की घटना पर कांग्रेस की संवेदनहीनता से क्षुब्ध हुई भीड़ ने हत्यारोपी के घर को जलाने जैसी बड़ी घटना को अंजाम दिया, लेकिन ऐसे समय में भी कांग्रेस के नेता समाज के साथ खड़े होने की बजाय भाजपा को कोसने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे भगवान शिव के खिलाफ अश्लील टिप्पणी का मामला हो या फिर मनोहर के हत्या कर उसके शव को 8 टुकड़ों में काटने का मामला हिमाचल प्रदेश में चल रहे आंदोलनों में हर राजनीतिक दल के लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और इस वक्त सभी लोगों के लिए राजनीतिक दल से पहले अपने धर्म का संरक्षण करने की भावना है। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने में नाकाम साबित हो रहे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भाजपा के सिर इस प्रकार के ठीकरा फोड़कर अपनी नाकामियों को छुपा नहीं सकते। उन्होंने उप मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा पर लाशों पर राजनीति करने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव के समय एक सड़क हादसे में 5 युवाओं की मौत मामले को मुकेश अग्निहोत्री ने राजनीतिक मुद्दा बनाया था, इस सड़क हादसे को उन्होंने भाजपा की साजिश करार देने में देरी तक नहीं लगाई, उन्होंने कहा कि जिन चार घरों के चिराग उस हादसे में बुझ गए भाजपा को उनके प्रति पूरी सहानुभूति है, लेकिन उपमुख्यमंत्री इस वक्त सत्ता में है, वह चाहे तो उस हादसे की जिस तरह मर्जी से जांच करवा लें, हादसे से पहले वह सभी युवा कहां से निकले थे, किसके होटल में थे, किस नेता के साथ क्या कर रहे थे उन तमाम चीजों से अब उपमुख्यमंत्री ही पर्दा उठाएं।
