ऊना: 6.30 ग्राम चिट्टा सहित तीन युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
ऊना जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 की रात मुख्य आरक्षी बीरबल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जखेड़ा मोड़ के पास वाटर सप्लाई स्कीम क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान एक एक्सयूवी-500 गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर गाड़ी चला रहे अभिषेक पुत्र राकेश कुमार निवासी वार्ड नंबर-6 टक्का, तहसील व जिला ऊना को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा गाड़ी में सवार राहुल और महेश, दोनों निवासी कोटला खुर्द, तहसील व जिला ऊना को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
