ऊना: ढाबे की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, तीन महिलाएं रेस्क्यू
जिला ऊना में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में ढाबे की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिलाओं को बाहरी राज्यों से रोजगार दिलाने के बहाने ऊना लाया जाता था और बाद में उन्हें इस अवैध गतिविधि में धकेला जाता था। बताया जा रहा है कि एसआईयू ऊना के प्रभारी सुनील कुमार को वीरवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ऊना-बंगाणा मार्ग पर स्थित एक ढाबे में देह व्यापार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा।
जांच में सामने आया कि ढाबा संचालक चरणजीत सिंह अपने सहयोगियों राम पाल और राजू के साथ मिलकर इस नेटवर्क को चला रहा था। पुलिस के अनुसार, ये लोग महिलाओं को बहला-फुसलाकर ऊना लाते थे और फिर उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों चरणजीत सिंह (लोअर अरनियाला), राम पाल (गोंदपुर बनेहड़ा) और राजू (गुरदासपुर, पंजाब) को हिरासत में लिया है। मौके से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया और तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
