केंद्रीय मंत्री गडकरी ने हमीरपुर में किए 4 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास
** कहा, हिमाचल में 15 हजार करोड़ से 32 टनलों का किया जा रहा निर्माण
हमीरपुर के पुलिस लाइन दोसड़का ग्राउंड में आज केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 4 हजार करोड़ के शिलान्यस किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 15 हजार करोड़ से कुल 45 किमी लंबी 32 टनलों का निर्माण किया जा रहा है। मनाली से लेह लदाख के लिए टनल बनाने के लिए बीस हजार करोड़ की लागत से सात सुरंगें बनाई जा रही हैं। इससे पहले केंंद्रीय मंत्री गडकरी का कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शॉल, टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक सतपाल सत्ती, वीरेेंद्र कंवर, भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा भी मौजूद रहे।
गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रोपवे बनाने के लिए तेजी लाई गई है और रोपवे बनने से प्रदेश को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि दियोटसिद्ध से बरेछेटू से कैलूसिद्व मंदिर के लिए रोपवे बनाया जाएगा तो कुल्लू से घटासनी और लाहौल स्पिति से केलांग तक रोपवे बनाया जाएगा। इस दौरान गडकरी ने शिमला-बिलासपुर-कांगड़ा सड़क को प्राथमिक सर्वे के बाद फोरलेन बनाने की घोषणा भी की।
केंद्रीय मंत्री ने शिमला से कांगड़ा तक इसे फोरलेन बनाने का एलान किया तो हमीरपुर में बाईपास को फोरलेन बनाने की घोषणा की। उन्होंने दावा किया कि साल 2024 जब समाप्त होगा, तब तक हिमाचल में एक लाख करोड़ रुपए के काम पूरे हो चुके होंगे या कुछ काम शुरू होंगे तथा कुछ चल रहे होंगे।
भाजपा सरकार में असंभव भी हो रहा संभव : अनुराग ठाकुर
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो असंभव था, भाजपा सरकार में वह भी संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों में ढाई से तीन गुना सडकें बनाई गई है जोकि रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम अटल की सरकार में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क की शुरुआत की थी, जिसे साकार करने के लिए आगे बढ़ाया है। भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए तेजी से काम किया है और आगे भी इन कामों को इसी तरह से आगे बढ़ाते रहना होगा।
दलगत राजनीति से उठकर हिमाचल को आगे ले जाने के लिए करूंगा काम : विक्रमादित्य सिंह
इस अवसर पर प्रदेश पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री गडकरी द्वारा हिमाचल प्रदेश की मदद के लिए उनका आभार जताया और कहा कि वे दलगत राजनीति से उठकर हिमाचल प्रदेश को आगे ले जाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास के राह पर चलकर प्रदेश का हित करना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी मुलाकात के दौरान प्रदेश के लिए रुके हुए कार्यों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है और उम्मीद है जल्द ही इन कार्यों को पूरा किया जाएगा।