केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री ने महिला किसान सुनीता देवी से किया सीधा संवाद
कृषि विज्ञान केन्द्र सुन्दरनगर में आज महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया जिसमें जिला मण्डी की लगभग 30 महिला किसानों ने भाग लिया। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन किया गया जिसमें केन्द्रिय कृषि राज्य मंत्री भारत सरकार पुरूषोतम नराला बतौर मुख्यतिथि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में देश भर से चुनिंदा सफल महिला किसानों को केन्द्रिय कृषि राज्य मंत्री के समक्ष उनके अनुभव सांझा करने का अवसर प्राप्त हुआ। देश के मात्र पांच सफल महिला किसानों में से मण्डी जिला हिमाचल प्रदेश से कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा नामित महिला किसान सुनिता देवी ने भी इस अवसर पर अपने खेती के मॉडल के अनुभव को सांझा किया जिसे केन्द्रिय कृषि राज्य मंत्री ने काफी सराहना की और अपने सम्बोधन में उन्होंने अन्य महिला किसानों को भी इस प्रकार के मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सुनिता देवी सुन्दरनगर विकासखण्ड के भरजवाणु गांव की निवासी है जिनके पास बहुत ही कम जमीन है जिसमें वह सब्जियों की पौध उत्पादन का कार्य करती हैं। उनके मॉडल की खासबात यह है कि सिमित जमीन होने के वाबजूद वह सब्जियों की पौध को घर की छत पर भी उगाती हैं जिससे लगभग 50000 से 60000 रूपये की सालाना आमदनी होती है। इसके अतिरिक्त लगभग 2 बीघा जमीन पर सब्जियों की खेती करती है जो कि उन्होंने लीज पर ले रखी है जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी होती है।
इस अवसर पर केन्द्र के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पंकज सूद ने इस उपलब्धी के लिए सुनिता देवी को बधाई दी तथा उपस्थित महिलांओं को भी सुनिता देवी के मॉडल का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि खेती बाड़ी का अधिकतम कार्य केवल महिलांए ही करती हैं इसलिए महिलांओं को केवल सफल महिला किसान न होकर उन्हें सफल उद्यमी बनने की तरफ प्रयास करना चाहिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने भारत सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि सम्बन्धित बिलों के बारे में उपस्थित महिलाओं को अवगत करवाया। इस मौके पर केन्द्र के अन्य वैज्ञानिक डॉ. कविता शर्मा, डॉ. डी एस यादव, डॉ. एल के शर्मा एवं डॉ. शिवानी ठाकुर भी उपस्थित रहे।