दाड़लाघाट : उपप्धान ने सबमरसिव पंप लगवाकर किया पानी की समस्या का हल
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में विगत दो वर्षों से निरंतर विकास कार्य प्रगति पथ पर अग्रसर हैं। इन कार्यों में अधिकांश कार्य जन सहयोग के माध्यम से किय जा रहे हैं। विद्यालय में अनेक सामाजिकों ने योगदान दिया है। इसमें उपप्रधान तुलसीराम गांव च्याण्डा (सेवड़ा चंडी) जो वर्तमान में हैं तथा पाठशाला भवन निधि समिति के दानकर्ता सदस्य भी हैं का योगदान समय-समय पर मिलता रहा है। इस विद्यालय में जल समस्या वर्षों से बनी रही। अन्य क्षेत्रों की भांति चंडी में भी जलसमस्या गंभीर है। प्रतिदिन विद्यालय के लिए पानी मिलना तो नामुमकिन ही था। इस विद्यालय में छात्र संख्या भी अधिक रहती है, जिससे प्रतिदिन का व्यय भी अधिक होता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने विभाग स्तर पर इस मांग को रखा, अथक परिश्रम के पश्चात उन्होंने विद्यालय के लिए पृथक पाइपलाइन भी बिछवाई, परंतु जब तक जल पर्याप्त संग्रहीत नहीं हो पाता था। उस समय एसएमसी तथा अन्य सामाजिक बैठक के लिए आमंत्रित किए गए।
इस बैठक में बोर करके पानी प्राप्त करने का विचार किया गया, जिसका व्यय 4 लाख तक का अनुमानित था। इसके उपरांत भी जब पानी की इस गंभीर समस्या का कोई स्थाई नहीं निकल पाया, तो तुलसी राम ने इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय एवं छात्रहित में अपनी नेक कमाई से अपने स्तर पर पानी की इस ज्वलंत समस्या के स्थायी समाधान का संकल्प लिया और इस दिशा में त्वरित कार्यवाही करते हुए पाठशाला प्रांगण में मंदिर के साथ लगभग 4 लाख की लागत से स्थापित होने वाले हैंपंप की बोरिंग का काम आरंभ कर दिया। तमाम व्यय उन्होंने अपनी नेक कमाई से वहन किया और इस प्रकार सबमरसिव पंप लगवाकर सदा के लिए पानी की समस्या का स्थाई समाधान करके एक पुनीत कार्य के रूप में उदाहरण प्रस्तुत किया। इससे जीवनभर के लिए विद्यालय में पानी की समस्या का निदान हो गया है। तुलसीराम का कहना है कि विद्या मंदिर में शैक्षणिक कार्यों के लिए दिल खोलकर दान करना चाहिए।
शैक्षणिक संस्थानों को विकासित किए बिना हम समाज को विकसित नहीं कर सकते, जिस प्रकार चंडी विद्यालय में अपना हैंपंप लगाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे पुनीत कार्यों से जहां विद्यालय विकास होता है। वहीं, समाज के लिए प्रेरणा प्राप्त होती है। पानी जीवन की मूलभूत आवश्यकता रहती है। अब बच्चे हर पल स्वच्छ जल प्राप्त कर सकेंगे। पाठशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टेक चंद, प्रधानाचार्य भूपेन्द्र गुप्ता, समस्त स्टाफ, एसएमसी सदस्यों व छात्रों एवं अभिभावकों ने उप प्रधान सेवडा चंडी तुलसी राम का इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया है।
