कांगड़ा : आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार बनेगी और जनता के हितों के लिए करेगी काम- स्नेहलता

मनोज कुमार। कांगड़ा
महिला ब्लॉक कांग्रेस कांगड़ा की बैठक विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा के गांव जमानाबाद में महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष स्नेह लता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस महिला सचिव रेणु भदोरिया भी मौजूद रहीं। बैठक में कांग्रेस के लोकहित के लिए चलाई गई योजनाओं व नीतियों की जानकारी दी गई तथा आने वाले विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा की गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तैयार रहने को भी कहा गया है। प्रदेश सचिव रेणु भदोरिया ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के राज में महंगाई चरम सीमा पर है और बेरोजगारी के लिए युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ खाद पदार्थों, पेट्रोल-डीजल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। गरीबों को घर चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जुमलों की सरकार है, जो कि जुमले सुनाकर लोगों को खुश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर अपने नाम के फट्टे लगाकर लगाकर अपना नाम बता रही है। वहीं, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष स्नेह लता ने कहा कि भाजपा विकास का झूठा ढिंढोरा पीट रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर लोगों को भाजपा की जन विरोधी नीतियों के बारे में अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार बनाएगी और जनता के हितों के लिए काम करेगी। इस मौके पर स्नेह लता, सुनीता देवी, रेखा देवी, सपना देव, मधुबाला, राज रानी, राम प्यारी, सीता रानी, कुमारी निर्मला व मंजू सहित कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।